थाने से पुलिस की गाड़ी चुराकर भागा शराबी! बाजार में मचाया तां डव, कई लोग घा यल
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रैपुरा थाने के परिसर में खड़ी सरकारी कार की चाबी लगी होने का फायदा उठाकर एक कथित शराबी युवक वाहन लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसने व्यस्त हाट बाजार में तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ाते हुए कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, इमलिया निवासी सुखेंद्र बुंदेला किसी काम से रैपुरा थाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों से कहासुनी के बाद उसे थाने से बाहर कर दिया गया। बाहर निकलते ही उसकी नजर परिसर में खड़ी सरकारी कार पर पड़ी, जिसमें कथित तौर पर चाबी लगी हुई थी। युवक तुरंत कार में बैठा और वाहन लेकर फरार हो गया।
थाने से निकलने के बाद आरोपी सीधे उस इलाके में पहुंचा, जहां साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था। बाजार में भारी भीड़ के बीच उसने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। कटनी तिराहे के पास एक बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। टक्कर के बाद बाइक कार के नीचे फंस गई, लेकिन आरोपी रुका नहीं और बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी का पीछा शुरू किया और अवंतीबाई चौक के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। भीड़ ने आरोपी तक पहुंचने की कोशिश भी की, जिसे पुलिस ने किसी तरह नियंत्रित किया। घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों ने खुद को नहीं बचाया होता, तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।