गर्ल्स स्कूल में टीचर की हर क त से मचा बवाल! छात्राओं की साइकिलों में लात मारने का आरोप
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया के एमएलबी गर्ल्स स्कूल में एक शिक्षक की कथित हरकत को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। छात्राओं और अभिभावकों ने स्कूल में पदस्थ शिक्षक बहादुर अहिरवार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने गुस्से में आकर छात्राओं की साइकिलों में लात मारी और बच्चों को जोर-जोर से डांटते हुए वहां से भगा दिया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, जब इस मामले की सूचना अभिभावकों को मिली तो उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी। इसके बाद नगर के कई पत्रकार स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी लेने का प्रयास किया। मामला तब और गंभीर हो गया जब स्कूल प्रबंधन से CCTV फुटेज मांगी गई।
स्कूल प्राचार्य एवं प्रबंधक सुभाष चंद जैन ने बताया कि पिछले दो दिनों से डीवीआर की हार्ड डिस्क खराब है और मरम्मत के लिए भेजी गई है, जिसके कारण रिकॉर्डिंग सेव नहीं हो सकी। इस जवाब के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि एमएलबी गर्ल्स स्कूल में करीब 1700 छात्राएं अध्ययनरत हैं और उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन पर है।
प्राचार्य ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि संबंधित शिक्षक को जवाबदेही नोटिस जारी किया जाएगा और मामले की पूरी रिपोर्ट बनाकर जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं, आरोपों के घेरे में आए शिक्षक बहादुर अहिरवार ने भी छात्राओं की साइकिलों में लात मारने की बात स्वीकार की, लेकिन अपनी सफाई में कहा कि जिस स्थान पर बच्चे खड़े थे, वहां पास के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। उन्होंने दावा किया कि कई बार रोकने के बावजूद बच्चे वहां से हट नहीं रहे थे, इसलिए उन्हें खतरे से दूर करने के लिए उन्होंने ऐसा कदम उठाया। अब सवाल यह है कि क्या शिक्षक का यह तरीका उचित था?
और सबसे बड़ा सवाल — जब 1700 छात्राओं की सुरक्षा का मामला है, तो स्कूल के CCTV सिस्टम की रिकॉर्डिंग आखिर बंद क्यों थी? यह मामला अब शिक्षा विभाग के लिए भी बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।