भांजे ने मामा को हनीट्रैप में फंसवाया, 10 लाख की फिरौती के बाद छोड़ा, 10 आरोपी गिरफ्तार !
एक भांजे ने अपने ही मामा को कथित हनीट्रैप में फंसा दिया। और पचास लाख की फिरौती मांगी गयी। जिसमें पहले दस लाख रूपये दिए गए। पहले उसने मामा की तमाम जानकारियां गिरोह को दी। इसके बाद इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान एक युवती ने नौकरी के बहाने सम्पर्क किया, फिर उसे मिलने बुलाया और साजिश के तहत मामा का अपहरण कर अनैतिक वीडियो बनाकर मारपीट करते हुए डराया धमकाया। ये चर्चित मामला उज्जैन जिले का है। जहां कथित हनीट्रैप, अपहरण और फिरौती के मामले का नानाखेड़ा पुलिस ने खुलासा किया। जिसमें भांजा ही शातिर आरोपी निकला। उसी ने गिरोह तक जरुरी जानकारियां पहुंचाई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दरअसल नरवर गांव निवासी हैदर पटेल से इंस्टाग्राम पर अंजली ठाकुर नाम की युवती ने नौकरी के बहाने संपर्क किया। और मिलने बुलाया। युवक उस जगह पहुंचा तो पहले से मौजूद मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर लिया। खुद को हिन्दू संगठन का बताते हुए मारपीट कर अनैतिक वीडियो बनाया। जिसे वायरल करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। 26 लाख में सौदा तय हुआ। 10 लाख रुपये लेने के बाद हैदर को छोड़ दिया। बाकी 16 लाख रुपये की मांग जारी रखी।
फरियादी ने कहा की हिंदू संगठनों के नाम पर उसे डराया धमकाया गया जबकि ऐसा था नहीं। बाद में हिंदू संगठन की मदद से ही नानाखेड़ा थाना पहुंचकर शिकायत की।
पुलिस ने साइबर तकनीक, मुखबिर तंत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि अंजली ठाकुर और एक अन्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया की गिरोह ऐसे लोगों को टारगेट करता था जिनके पास हाल ही में पैसे आये हों। जिन्हे आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके। इसी को लेकर इदरीश पटेल ने अपने ही मामा की जानकारी गिरोह को उपलब्ध कराई थी।
एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया की मामले में हनीट्रैप के पहलू समेत अन्य तथ्यों की जांच अभी जारी है तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।-