सागर जिले का पहला अत्याधुनिक UIDAI आधार सेवा केंद्र शुरू, अब हर दिन मिलेगी सुविधा
सागरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के लिए लंबा इंतजार या दूसरे शहरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा संचालित जिले का पहला अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र गुरुवार से सागर में शुरू हो गया। इस केंद्र का उद्घाटन महापौर संगीता सुशील तिवारी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद महापौर ने स्वयं भी अपने आधार की जानकारी अपडेट कराई।
यह आधुनिक आधार सेवा केंद्र तिली रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी, प्लॉट नंबर-54, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सामने स्थापित किया गया है। उद्घाटन समारोह में UIDAI भोपाल राज्य कार्यालय के उप निदेशक धर्मवीर कुशवाह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि आज के समय में आधार हर नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण पहचान बन चुका है। समय-समय पर बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर जोड़ने, नाम या पते में संशोधन जैसी जरूरतें पड़ती रहती हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से स्कूलों में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए आधार अनिवार्य होने से यह केंद्र आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने बताया कि पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों का आधार बनना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधार प्रणाली की मदद से देशभर में करीब 600 गुमशुदा बच्चों की पहचान कर उन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता मिली है, जो इस व्यवस्था की उपयोगिता को दर्शाता है। केंद्र के ब्रांच मैनेजर ने बताया कि यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा।
कामकाजी लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की व्यवस्था भी की गई है, जिससे बिना लंबी कतार में लगे समय पर सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। प्रशिक्षित स्टाफ और मैनेजर की मौजूदगी में यहां आधार से जुड़ी सभी सेवाएं पारदर्शी और सुगमता के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी। सागर में इस आधुनिक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत को डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।