Sagar- ब्रांडेड शराब और बीयर की खेप जब्त,गढ़ाकोटा पुलिस का बड़ा एक्शन ! 4 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले की गढ़ाकोटा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ब्रांडेड अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। सबसे पहले ग्राम चनौआ में दबिश देकर सुंदर पिता भुजवल कुर्मी के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 112 पाव यानी करीब 20.16 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार 700 रुपए बताई गई है।
इसके बाद पुलिस ने ग्राम चनौआ खुर्द निवासी सहदेव पिता रतिराम नामदेव के पास से भी विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। वहीं, मोतीनगर के शास्त्री वार्ड निवासी कमलेश पिता धनप्रसाद पटेल के कब्जे से भी अवैध शराब और बीयर की खेप जब्त की गई। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने गढ़ाकोटा के किला वार्ड निवासी मुलू उर्फ धरमदास पिता बालकिशन पटेल के यहां दबिश देकर 21.18 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की। पुलिस के अनुसार, इस जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 हजार 520 रुपए है।
थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी, किसके कहने पर सप्लाई की जा रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब तस्करों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।