अवैध खनन रोकने पहुंचे नायब तहसीलदार पर रेत माफिया का हमला, सरकारी गाड़ी में भी की तोड़फोड़
रेत माफियाओं की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर कथित तौर पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में एमपी के सागर संभाग के मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ के नायब तहसीलदार प्रजापति और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई, जबकि सरकारी वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम को क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार और उनकी टीम ने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसके बाद राजस्व टीम उसका पीछा करने लगी।
इसी दौरान आरोप है कि ट्रैक्टर से जुड़े लोगों ने नायब तहसीलदार और उनके ड्राइवर पर हमला कर दिया। मारपीट में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हमलावरों ने सरकारी वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद जिले में अवैध रेत कारोबार और रेत माफियाओं की बढ़ती दबंगई को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार जारी है, लेकिन इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
घटना के बाद नायब तहसीलदार और उनके ड्राइवर ने बल्देवगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई और अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।