Sagar - युवती ने रिश्ते के चाचा से किया प्रेम विवाह, नाराज़ चाचा ने मार दिया चाक़ू, रिश्ते से नाखुश है परिवार
सागर के खुरई थाना क्षेत्र में सगे रिश्तों में खून बह गया। युवती ने अपने रिश्ते के चाचा से प्रेम विवाह किया। जिससे नाराज़ होकर युवती के सगे चाचा ने उसके पति पर चाक़ू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल हमलावर का चचेरा भाई है। जिसे गंभीर हालत के चलते सागर जिला अस्पताल रैफर किया गया है। ये पूरी घटना खुरई शहरी थाना क्षेत्र के कबीर वार्ड से सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
फरियादी रक्षा कुशवाहा निवासी कबीर वार्ड से मिली जानकारी के मुताबिक बीते चार महीने पहले उसने अपने रिश्ते के चाचा धीरेंद्र कुशवाहा से अपनी मर्जी से शादी की थी। जिस वजह से उसके चाचा श्री पटेल उससे नाराज रहते थे। उसके पति धीरेंद्र कुशवाहा भोपाल में रहकर मजदूरी कर रहे थे। एक दिन पहले ही पति धीरेंद्र भोपाल से वापिस अपने घर आए थे। तब चाचा श्री पटेल ने शादी की बात को लेकर पति से विवाद करना शुरू कर दिया। चाचा ने उन्हें गाली गलौज देना शुरू किया। जब ऐसा करने से मना किया तो चाचा ने डंडे से हमला कर दिया।
जिसमें पति को सिर, कंधे और पीठ में चोटें आई। मामला कुछ समय के लिए शांत हो गया। लेकिन इसके बाद फिर से चाचा ने विवाद करना शुरू कर दिया। जो इतना बढ़ गया की चाचा ने पति धीरेंद्र कुशवाहा के सीने में चाकू से हमला कर दिया। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। शिकायत के बाद खुरई शहरी पुलिस ने आरोपी श्री पटेल के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फ़िलहाल मामले की जांच की जा रही है।------