सागर- धान के खेत में पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबा ड्राइवर! ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत से बचाई जान
सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में शनिवार को धान रोपाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत तैयार करते समय एक ट्रैक्टर अचानक दलदली मिट्टी में असंतुलित होकर पलट गया। ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दब गया और खेत में अफरा-तफरी मच गई। चालक की चीख-पुकार सुनते ही आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, खंडेराव वार्ड, देवरी निवासी देवेंद्र बैरागी शनिवार सुबह ग्राम रामगढ़ में अंकु महाराज के खेत में धान रोपाई के लिए मिट्टी मचाने का काम कर रहे थे। बारिश के कारण खेत में काफी पानी भरा हुआ था और मिट्टी पूरी तरह दलदली हो चुकी थी। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। देखते ही देखते चालक देवेंद्र बैरागी ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
हादसा होते ही खेत में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास काम कर रहे ग्रामीण बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और चालक को बचाने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया। भारी ट्रैक्टर को हटाना आसान नहीं था, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी। सामूहिक प्रयास और सूझबूझ से करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत करने के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देरी हो जाती तो चालक की जान पर बड़ा खतरा मंडरा सकता था। सभी ग्रामीणों ने मिलकर जिस तरह राहत कार्य किया, उसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है। यह हादसा एक बार फिर बताता है कि बारिश के मौसम में खेतों में ट्रैक्टर चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना कितनी जरूरी है। दलदली मिट्टी और पानी से भरे खेतों में जरा-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। फिलहाल चालक सुरक्षित है और ग्रामीणों की सूझबूझ ने एक परिवार को बड़ी त्रासदी से बचा लिया।