सागर- नवागत थाना प्रभारी की फ़िल्मी एंट्री, आते ही जुआ फड़ पर दी दबिश,6 जुआरियों को पकड़ा SAGAR TV NEWS
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाने में नवागत थाना प्रभारी ने पदभार संभाल लिया है। जिसके बाद वह अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चाओं में आ गए हैं। दरअसल पदभार ग्रहण करते ही उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक मकान में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी और मौके से छह जुआरियों को दांव लगाते हुए दबोचा है। जिन पर जुआ एक्ट के तहत कार्यवाई की गयी है। साथ ही नगदी समेत अन्य सामग्री जप्त की गयी है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव तिवारी ने पदभार संभालने के बाद अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी को लेकर जगदीश वार्ड स्थित एक मकान में संचालित हो रहे जुआ फड़ पर छापा मारा गया। जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी गौरव तिवारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी की जगदीश वार्ड के एक निजी मकान में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस की दबिश के दौरान छह व्यक्ति ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। जिन्हें तत्काल हिरासत में लिया गया। इस दौरान पुलिस ने जुआरियों से ताश की गड्डियां, नगद राशि और जुआ खेलने में शामिल अन्य सामग्री जब्त की। इन जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई है।
थाना प्रभारी गौरव तिवारी का साफ़ कहना है की गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और अन्य अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।