खेत में चल रही थी नशे की लैब,MD ड्र ग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़! 2 तस्कर गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत गरोठ पुलिस ने एक खेत में संचालित कथित MD ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध ड्रग्स, केमिकल और अन्य सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देशन में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव और उनकी टीम ने ग्राम पावटी में रणजीत सिंह के खेत पर बने बाड़े में दबिश दी। जांच के दौरान मौके से 173 ग्राम अवैध MD ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।
इतना ही नहीं, पुलिस ने ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले 24.5 किलो से अधिक रसायन भी जब्त किए हैं। इनमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड, MMA और MDC केमिकल शामिल हैं। इसके अलावा मौके से दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों और मोबाइल की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रणजीत सिंह सोंधिया और ईश्वर सिंह सोंधिया को गिरफ्तार किया। मामले में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मंदसौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित फैक्ट्री में तैयार होने वाली MD ड्रग्स की सप्लाई किन-किन जिलों और राज्यों तक की जा रही थी तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि प्रदेशभर में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत एक ओर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।