बेकाबू हाथी ने ऑटो चालक को कुचलकर ली जान, गुड़ खिलाना पड़ा भारी!
एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां हाथी को गुड़ खिलाना एक ऑटो चालक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने 49 वर्षीय ऑटो चालक पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले उसे अपनी सूंड में लपेटकर जमीन पर पटका और फिर सीने पर पैर रख दिया। गंभीर रूप से घायल चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने महावत को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना एमपी के इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर की है। मृतक की पहचान 49 वर्षीय विजय पिता लक्ष्मणराव होलकर, निवासी ई-सेक्टर राजनगर, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ साधु उज्जैन से हाथी लेकर इंदौर आए थे। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे हाथी राजनगर पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय ऑटो चालक विजय होलकर हाथी को गुड़ खिलाने के लिए उसके पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही विजय ने हाथी को गुड़ खिलाने की कोशिश की, हाथी अचानक उग्र हो गया। उसने विजय को अपनी सूंड में लपेटकर कई फीट दूर जमीन पर पटक दिया। इतना ही नहीं, हाथी ने उसके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल विजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले जिला अस्पताल और फिर एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बाद में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत हाथी के महावत को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर बड़े और जंगली जानवरों की सुरक्षा व्यवस्था और नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।