पिंजरे में रखी मुर्गी खाने आया खूंखार तेंदुआ और कैद हो गया, तब कहीं लोगों ने ली राहत की सांस
एक तेंदुआ करीब चार महीने से आतंक का पर्याय बना हुआ था। आलम इस कदर था की लोग अकेले कहीं आने जाने से भी कतरा रहे थे। इस दौरान उसने कई जानवरों का शिकार किया। जिससे लगातार उसकी दहशत बनी हुई थी। अब आखिरकार खूंखार तेंदुए को पकड़ा लिया गया है। जिसे जब पिंजरे में कैद किया गया तब कहीं लोगों ने राहत की सांस ली। तस्वीरें एमपी के खंडवा जिले के पंधाना तहसील क्षेत्र की हैं।
बताया जा रहा है की खरखेड़ी, काकोड़ा और अंबाखेड़ा गांव से लगे वन क्षेत्र में पिछले करीब चार महीनों से एक तेंदुआ लोगों के लिए दहशत बना हुआ था। जिसे मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका।
जानकारी के मुताबिक तेंदुआ लगातार बकरियों समेत अन्य पालतू जानवरों का शिकार कर रहा था। बीते दिन उसने एक गाय के बछड़े को भी अपना शिकार बनाया था। तो खेतों में काम करने जाने वाले किसानों और ग्रामीणों पर भी झपट्टा मारा। जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। ग्रामीण शाम को ही घरों में दुबक जाते थे। लगातार शिकायतों के बाद वन विभाग ने चार दिन पहले प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाया। जिसमें मुर्गी रखी गई। जिसकी लालच में तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
वन अमला मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के बीच तेंदुए को पिंजरे समेत अपने कब्जे में लेकर रवाना हो गया। जिसे सुरक्षित दूरस्थ वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। ताकि वह दोबारा आबादी वाले इलाके में न पहुंच सके।------ वन विभाग की कार्यवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। तेंदुए के आतंक से सभी दहशत में थे।------