कोचिंग सेंटर की आड़ में जुए का अड्डा! पुलिस ने 14 जुआरियों को दबोचा, शहर में निकाला जुलूस
पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे अड्डे का भंडाफोड़ किया है, जहां कोचिंग सेंटर की आड़ में जुए का खेल चल रहा था। कुंडीपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर 14 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से लाखों रुपये की नकदी के साथ कई वाहन भी जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला। मामला एमपी के छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में कोचिंग सेंटर की आड़ लेकर लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 14 जुआरियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 1 लाख 33 हजार 120 रुपये नकद, दो कारें और छह मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला।
मीडिया कैमरों के सामने जुआरियों ने अपने चेहरे हाथों से छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस उन्हें पैदल लेकर न्यायालय तक पहुंची। कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोचिंग संस्थानों की आड़ में इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, तो यह बेहद गंभीर मामला है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस जुए के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा यह अवैध कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था।