Sagar-फिर एक साथ तीन रेस्टॉरेंट में चोरी,नगदी समेत सिलेंडर चुरा ले गया चोर, व्यापारियों में दहशत
सागर शहर में चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं लेकिन चोरों के न पकड़े जाने से लोगों में दहशत बनी हुई है। इसी तरह सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र से भी नगदी और सिलेंडर की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोर ने एक दो नहीं बल्कि एक साथ तीन प्रतिष्ठानों में चोरी की। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरें जिला अस्पताल के सामने स्थित दुकानों की है। जहां से गैस सिलेंडर और नगदी चुराई गई। चोर कैमरे में भी कैद हुआ है। यहां एक बात और भी गौर करने वाली है की हफ्ते भर पहले ही डिग्री कॉलेज के सामने भी रेस्टॉरेंट में चोरी की गयी थी।
ये घटना बीते करीब एक हफ्ते पहले की बताई जा रही है। जिसका वीडियो अब सामने आया है। जानकारी के मुताबिक चोर देर रात रेस्टोरेंट के शटर तोड़कर कुंडी खोलते हुए अंदर पहुंचा। जहां से गैस सिलेंडर और गल्ले में रखी हुई नगदी पर हाथ साफ कर दिया। उसने तीनों रेस्टोरेंट को अपना निशाना बनाया। जिसके बाद उनके संचालकों ने गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दिलचस्प बात ये है की जिस तरह जिला अस्पताल के सामने चोरी की गयी। ठीक उसी तरह डिग्री कॉलेज के सामने भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। स्थानीय व्यापारियों की माने तो दोनों घटनाओं को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया है। इन दोनों ही मामलों के सीसीटीवी सामने आये हैं।
रेस्टोरेंट संचालकों के मुताबिक आसपास की कई किराने और पान मसाला की दुकानों में भी चोरी हुई है। पीड़ितों का आरोप है की चोर खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहा है लेकिन पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी तरफ व्यापारियों और दुकानदारों में दहशत बनी हुई है। लगातार चोरियों के बाद पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस जाँच पड़ताल में जुटी हुई है।------