ऐतिहासिक मंदिर में कथित तोड़फोड़ पर गहराया विवाद,सांसद बोले भू-माफियाओं को बख्शेंगे नहीं !
एक ऐतिहासिक मंदिर में निर्माण कार्य कराया जा रहा है मंदिर में कथित तौर से तोड़फोड़ के बाद विवाद गहरा गया है। मंदिर परिसर में लगे पीपल के पेड़ को काटने और मूर्तियां हटाए जाने की बात सामने आने पर अब बवाल मचा हुआ है। इसी को लेकर भाजपा सांसद ने कलेक्टर से लेकर नगर निगम कमिश्नर से शिकायत की है। मामला राजधानी भोपाल का है। सांसद आलोक शर्मा का कहना है की भू-माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। ये पूरा विवाद घोड़ा निकास के मालिक मंदिर में निर्माण कार्य को लेकर बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक भोपाल के पुराने शहर में स्थित घोड़ा निकास के पास मालिक मंदिर में निर्माण कार्य किया जा रहा है। मामले में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने आरोप लगाया की ट्रस्ट द्वारा मंदिर परिसर में मूर्तियां हटाई जा रही हैं एक पुराना पीपल का पेड़ भी काट दिया गया है। इसी को लेकर उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर को शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान सांसद ने कहा की पुराने भोपाल का एक इतिहास रहा है। घोड़ा निकास के पास मालिक मंदिर है। यहां हिंदू धर्म के सभी लोग पूजा करने आते हैं। शादी से पहले निमंत्रण देने आते हैं। यहां न्याय ट्रस्ट द्वारा मूर्तियां हटाई जा रही हैं। परिसर में निर्माण हो रहा है पीपल का पुराना पेड़ काट दिया गया। नागरिकों की शिकायत पर कलेक्टर और कमिश्नर को ज्ञापन दिया है। इसके अलावा उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा की मंदिर परिसर को भू-माफियाओं के हवाले नहीं किया जाएगा। कोई भी भू-माफिया मंदिर परिसर में निर्माण नहीं करेगा, न कोई कॉम्प्लेक्स बनेगा। जो अनुमति दी गई है उसकी जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।