सागर- ड्यूटी पर गए इंजीनियर के घर लाखों की चोरी, लाखों के जेवर समेत नगदी चुरा ले गए चोर
सागर जिले के भानगढ़ थाना क्षेत्र में एक इंजीनयर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर मौके से लाखों रूपये के जेवरात और नगदी लेकर चंपत हो गए। घटना थाना अंतर्गत सिरचौपी स्थित राजीव नगर की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पीड़ित जेपी थर्मल पावर प्लांट के इंजीनियर हैं। जो ड्यूटी गए हुए थे। उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़ित अखिलेश कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक वह जेपी थर्मल पावर प्लांट सिरचौपी में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। बीते 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे वे ड्यूटी पर गए थे। उनकी पत्नी भी घर पर नहीं थी बाहर गई हुई थीं। अगले दिन सुबह करीब साढ़े 6 बजे जब वह वापिस घर लौटे तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। जब अंदर जाकर नज़ारा देखा तो आंखें फटी रह गई। अलमारी का लॉकर टूटा था, सामान बिखरा पड़ा था। बताया गया की चोर घर से सोने की कई जंजीरें, अंगूठियां, नाक की कील, लॉकेट, सोने का सिक्का, कानों के आभूषण, चांदी की पायल, बिछिया, सिक्के और चांदी के बर्तन समेत बड़ी मात्रा में जेवरात चुरा ले गए है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया था।
पीड़ित अखिलेश कुमार का कहना है की घटना के बाद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है न ही चोरी गए जेवरात बरामद किए जा सके हैं। उन्होंने एसपी से मामले में थाना भानगढ़ पुलिस को जरुरी निर्देश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान को जल्द बरामद करने की मांग की है। फ़िलहाल पुलिस की जांच जारी है।--