Sagar- खेल मैदान के बीचोंबीच बना दी सड़क! नगर निगम की इंजीनियरिंग पर उठे बड़े सवाल | SAGAR TV NEWS |
सागर नगर निगम और विवादित निर्माण कार्यों का रिश्ता एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला शहर के जनता स्कूल के खेल मैदान का है, जहां बच्चों के खेलने की जगह पर ही सीसी सड़क बना दी गई। जिस मैदान में विद्यार्थियों को दौड़ना, खेलना और अभ्यास करना था, अब उसके बीचोंबीच सड़क गुजर रही है।
इस निर्माण ने न सिर्फ खेल गतिविधियों को प्रभावित किया है, बल्कि पूरे मैदान का स्वरूप भी बिगाड़ दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर निगम के किन इंजीनियरों ने बिना गंभीर स्थल निरीक्षण के इस सड़क की डिजाइन तैयार की, उसे स्वीकृति दी और फिर अपने ही पर्यवेक्षण में मैदान के बीच सड़क का निर्माण करा दिया?
मामले पर जनता स्कूल प्रबंधन खुलकर कुछ भी कहने से बच रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का दावा है कि स्कूल ने इस सड़क निर्माण की कोई अनुमति नहीं दी थी। वहीं मामला सुर्खियों में आने के बाद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं। अब तक यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि सड़क का निर्माण नगर निगम की निधि से हुआ या किसी पार्षद निधि से।
ऐसे में यह मामला सिर्फ एक सड़क का नहीं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता का भी है। जरूरत है कि कलेक्टर प्रतिभा पाल स्वयं इस पूरे प्रकरण की जांच कराएं, ताकि यह सामने आ सके कि आखिर किसकी लापरवाही ने शहर के एक खेल मैदान को सड़क में तब्दील कर दिया