सागर- 4 लाख हस्ताक्षरों के साथ उठी गौ संरक्षण की आवाज, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग
सागर में गौ सम्मान आवाहन अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को हजारों गौ भक्तों, संत-महात्माओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकालकर गौ हत्या पर पूरे देश में पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। अभियान के तहत जुटाए गए करीब 4 लाख हस्ताक्षरों वाले पत्रक और उनकी स्कैन कॉपी युक्त पेन ड्राइव राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे गए। गौ सम्मान आवाहन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले की सभी तहसीलों से जुड़े प्रभारी, गौ सेवक और श्रद्धालु सुबह वृंदावन बाग मंदिर में एकत्र हुए। कार्यक्रम की शुरुआत "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र के सामूहिक संकीर्तन से हुई। इसके बाद संतों के सान्निध्य में विशाल ज्ञापन रैली निकाली गई।
रैली वृंदावन बाग मंदिर से प्रारंभ होकर काली तिगड्डा, गोपालगंज चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु हाथों में गौ माता के कटआउट, धार्मिक ध्वज, बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे। रैली में शामिल लोग गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने जैसी मांगों के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पूज्य संत महंत श्री केरवना मंदिर, महंत श्री नरहरिदास महाराज सहित अन्य संतों के नेतृत्व में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन के साथ अभियान के दौरान जुटाए गए लगभग 4 लाख हस्ताक्षरों वाले पत्रक और उनकी डिजिटल स्कैन कॉपी पेन ड्राइव के माध्यम से भी प्रशासन को सौंपी गई।
आयोजकों का कहना है कि यह अभियान देशभर में गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण का हिस्सा है। उनका दावा है कि बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से हस्ताक्षर कर गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग का समर्थन किया है। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रभारियों ने सभी संतों, गौ भक्तों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान की सफलता और समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।