Sagar-श्मशान से रहस्यमयी ढंग से गायब हुईं अस्थियां! आखिर कौन ले गया राख? पुलिस भी तलाश में जुटी
सागर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। शहर से लगे पथरिया जाट गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के बाद जो हुआ, उसने परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। अंतिम संस्कार के अगले ही दिन जब परिवार के लोग परंपरा के अनुसार अस्थि-संग्रह के लिए श्मशान पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चिता की न तो अस्थियां थीं और न ही राख।
जानकारी के अनुसार, पथरिया जाट निवासी 86 वर्षीय जगन सूर्यवंशी का 28 जुलाई को निधन हो गया था। उसी दिन उनका अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया गया। अगले दिन "खारी उठावना" की रस्म के लिए परिजन श्मशान पहुंचे, लेकिन वहां अस्थियों और राख का कोई निशान नहीं मिला। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
मृतक के पुत्र मोहन सूर्यवंशी ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अस्थियां और राख वहां से हटा दी हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यह तंत्र-मंत्र जैसी किसी गतिविधि से जुड़ा मामला भी हो सकता है। हालांकि, फिलहाल इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अस्थियां और राख आखिर कहां गईं और इसके पीछे किसी की शरारत है या कोई अन्य वजह। फिलहाल यह रहस्य पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।