Sagar-अधिवक्ता की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने से गई जान, पुलिस जांच में जुटी
सागर शहर के कैंट थाना क्षेत्र से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सदर इलाके में रहने वाले एक अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उन्होंने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सदर निवासी अधिवक्ता दीपक रंजन तिवारी मंगलवार सुबह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने अज्ञात कारणों से कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो वे गंभीर हालत में जमीन पर पड़े मिले।
परिजन उन्हें तत्काल सागर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिवक्ता की मौत की खबर फैलते ही साथी वकीलों, परिचितों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या अस्पताल पहुंच गई। इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर है। परिवार फिलहाल गहरे सदमे में है और इस संबंध में कोई बयान देने की स्थिति में नहीं है। वहीं कुछ परिचितों का कहना है कि मृतक के खिलाफ एक मामला चल रहा था, जिसके कारण वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और नियमित रूप से न्यायालय भी नहीं आ रहे थे।
हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सागर सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है। प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने और स्वयं को चोट पहुंचाने के कारण मौत होना सामने आया है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।