बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, स्कूल में प्रवेश के नाम पर 14-14 हजार की वसूली,अतिथि शिक्षक-छात्र पर आरोप !
एक्सीलेंस स्कूल में एडमिशन के नाम पर छात्रों से पैसों के लेनदेन का खेल सामने आया है जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है। आरोप है की प्रवेश दिलाने के नाम पर छात्रों से कथित तौर पर 14-14 हजार रूपये वसूले गए हैं छतरपुर जिले के एक्सीलेंस स्कूल क्रमांक एक से सामने आया ये मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। लाखों रूपये की वसूली के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। साथ ही स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं स्कूल प्रबंधन द्वारा एफआईआर की तैयारी की जा रही है।
दरअसल ऐसा आरोप है की स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में पदस्थ शरद अग्रवाल और स्कूल के छात्र अभिनव मिश्रा ने मिलकर करीब 40 से 45 छात्रों से 14-14 हजार रूपये लेकर प्रवेश दिलाने का झांसा दिया। छात्र अभिनव मिश्रा पर कथित तौर पर आरोप है की वह छात्रों से रकम इकट्ठा कर बाद में वह राशि अतिथि शिक्षक शरद अग्रवाल को सौंपता था। मामले में खुलासा होने के बाद हंगामा हुआ। ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
छात्र अभिनव मिश्रा का कहना है की उससे अतिथि शिक्षक शरद अग्रवाल ने पैसे इकट्ठे करने की बात कही थी। उसने 45 बच्चों से 14-14 बच्चों के हिसाब से पैसे लेकर शिक्षक को सौंप दिए। बाद में शिक्षक को हटा दिया गया। उसने कहा की उसके पास ऑडियो और वीडियो जैसे तमाम सबूत हैं। उसका कहना है की उसे फंसाया जा रहा है अगर ऐसा हुआ तो फिर कई सारी परतें खुलेंगी।
वहीं स्कूल के प्राचार्य संतोष शर्मा के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा की अगर छात्र की भी संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी प्रशासन से शिकायत कर FIR दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य बोले की स्कूल में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।------