Sagar- पुल पर चढ़ाई करते समय डंपर के ब्रेक फेल, रेत से भरा डंपर पलटा, बाल-बाल बचे लोग
सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र में रेत से भरे हुए एक डंपर के अचानक से ब्रेक फेल हो गए। जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है की पुल पर चढ़ाई के समय वाहन पलटा। जिससे लोगों की जान बाल-बाल बची। अगर कोई इसकी चपेट में आ जाता तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। ये हादसा खुरई-राहतगढ़ रोड पर स्थित बीना नदी के मालाघाट पर हुआ है। मौके पर पहुंची क्रेन मशीन की मदद से डंपर को उठाया गया।
जानकारी के मुताबिक भोपाल पासिंग जो रायसेन जिले से रेत भरकर खुरई तरफ आ रहा था। तभी राहतगढ़-खुरई रोड पर स्थित मालघाट पर चढ़ाई चढ़ाते समय अचानक से डंपर के ब्रेक फेल हो गए और वह अनियंत्रित होकर पुल के पास पलट गया। अगर डंपर बीना नदी में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही की घटना के समय कोई वाहन या राहगीर नहीं निकल रहा था। नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया की रेत से भरा डंपर माला घाट के पुल की चढ़ाई चढ़ रहा था। तभी उसके ब्रेक फेल हो गए और वह पलट गया। इस दौरान एक बड़ा हादसा होने से टल गया। क्षेत्र में इन दिनों रेत से भरे वाहन बेखौफ होकर ओवरलोड दौड़ रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर क्षमता से दोगुने रेत भरकर वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार कोई कार्यवाई नहीं कर रहे हैं।------