सागर- चलते कंटेनर में धधकी आग, ड्राइवर ने कूद कर बचाई जान | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही चालक ने तुरंत ट्रक सड़क किनारे रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया, जबकि हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। घटना बुधवार रात सागर-देवरी मार्ग पर चीमाढाना के पास हुई। कंटेनर क्रमांक एनएल-01 एजी-9567 सागर से देवरी की ओर जा रहा था। तभी अचानक ट्रक के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का अगला हिस्सा उसकी चपेट में आ गया।
ट्रक चालक प्रेम ने बताया कि वह तमिलनाडु के त्रिची से पेपर रोल लेकर आगरा जा रहे थे। रास्ते में अचानक वायरिंग से चिंगारियां निकलने लगीं और आग भड़क गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतर गए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका देवरी की फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे कंटेनर में भरे पेपर रोल को बड़े नुकसान से बचाने का प्रयास सफल रहा, हालांकि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आग के कारण नेशनल हाईवे-44 पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात फिर से सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में ट्रक की वायरिंग में खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।