सागर- पदोन्नति में पारदर्शिता की मांग, सफाई कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बीना में भारतीय सफाई मजदूर संघ ने नगर पालिका में पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। संघ के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार और सीएमओ राहुल कौरव को ज्ञापन सौंपकर नवीन रोस्टर के अनुसार सीधी भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से करने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों के साथ अन्याय हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। भारतीय सफाई मजदूर संघ के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका पहुंचकर पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि कर्मचारियों को नवीन रोस्टर की छायाप्रति उपलब्ध कराई जाए, जिसमें सीधी भर्ती और पदोन्नति से संबंधित सभी पदों का स्पष्ट विवरण हो।
संघ ने मांग की कि किन-किन पदों पर पदोन्नति की जा रही है, संबंधित कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची सार्वजनिक की जाए और पदोन्नति के लिए चयनित कर्मचारियों की सूची भी सभी के सामने लाई जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रांतियां या पक्षपात की आशंका न रहे। सफाई मजदूर संघ का कहना है कि शासन द्वारा नवीन रोस्टर में सफाई कर्मचारियों के लिए जो नए पद स्वीकृत किए गए हैं, उन पर वर्षों से कार्यरत स्थायी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। साथ ही मुकद्दम जैसे पदों पर पदोन्नति केवल सफाई कामगारों में से ही योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर की जाए।
संघ ने यह भी मांग रखी कि यदि ओबीसी वर्ग के अन्य जनसेवकों को मुकद्दम पद पर पदोन्नत किया गया तो संगठन इसका विरोध करेगा और औपचारिक आपत्ति दर्ज कराएगा। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि सफाई कर्मचारी वर्षों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था संभाल रहे हैं और उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए। पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि सभी कर्मचारियों को समान अवसर मिल सके। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।