मंडी बेचने ले जा रहे थे सरकारी राशन,जागरूक नागरिक की सूझबूझ से पकड़ा गया, 56 बोरी अनाज जब्त
सरकारी राशन की कालाबाजारी किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। बताया गया की गरीबों को बांटे जाने वाला राशन बाज़ार में बेचने ले जाया जा रहा था लेकिन जागरूक नागरिक की सूझबूझ से मामले का भंडाफोड़ हो गया। सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग ने बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया। साथ ही मिनी ट्रक से 56 बोरी अनाज जब्त किया गया है। कार्यवाई जबलपुर के बेलबाग क्षेत्र में की गयी।
बताया जा रहा है की शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन की कालाबाज़ारी का मामला सामने आया। प्रारंभिक जांच में इस बात की पुष्टि हुई है। की ये अनाज पीडीएस का है। जिसे खुले बाजार में बेचने ले जाया जा रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक मिनी ट्रक बरेला क्षेत्र से अनाज लेकर विजय नगर स्थित कृषि उपज मंडी तरफ जा रहा था। तभी रंजीत यादव नामक एक जागरूक नागरिक की नजर मिनी ट्रक में रखी बोरियों पर पड़ी। जिनमें पीडीएस की सील लगी हुई थी। जिसके बाद उसने प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर इसकी जानकारी दी। जिस पर टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए बेलबाग इलाके में वाहन को रोककर जांच की। इस दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में राशन की बोरियां मिलीं। टीम ने वाहन चालक तौफीक अहमद से पूछताछ की। वहीं अधिकारियों ने अनाज के दस्तावेज और परिवहन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह अनाज सार्वजनिक वितरण प्रणाली का है। जिसे नियमों के विपरीत बाजार में बेचने की तैयारी थी।
खाद्य विभाग ने जब्त की गई 56 बोरियां APWLC के सुपुर्द कर दी हैं वहीं मिनी ट्रक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेलबाग पुलिस के हवाले कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है की इसमें कौन कौन शामिल है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।