सागर कलेक्टर का गौ-सेवा के साथ पर्यावरण का भी संदेश, गौ शाला पहुंचकर गाय को खुद खिलाया चारा
सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल का अलग अंदाज़ देखने को मिला। वह सागर के बंडा स्थित दयोदय गौशाला पहुंची थी जहां उन्होंने गौ सेवा के साथ पर्यावरण का भी सन्देश दिया। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गौशाला भ्रमण के दौरान सहज भाव से गाय की बछिया को चारा खिलाया। विशेष रूप से एक बिन माँ की छोटी बछिया की देखभाल करते हुए उन्होंने उसे बॉटल से दूध पिलाया। साथ ही परिसर में पर्यावरण और पशु पोषण को ध्यान में रखते हुए मुनगा के पौधे साथ ही नेपियर घास का रोपण भी किया गया। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सराहना की।
बता दें की कलेक्टर प्रतिभा पाल बंडा क्षेत्र में स्थित आचार्य विद्यासागर दयोदय गौशाला पहुंचीं थी। जहां उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशु चिकित्सा एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। वहीं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही गौ-सेवा के प्रति संवेदनशीलता प्रकट की। गौ शाला भ्रमण के दौरान उनका अलग ही अंदाज़ देखने को मिला।
कलेक्टर ने गौशाला परिसर में तकरीबन 2,200 निराश्रित गौवंश के आश्रय और प्रबंधन की सराहना की। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गौवंश के लिए बनाए गए अलग वार्ड की व्यवस्थाओं पर ख़ुशी जताते हुए गौशाला समिति के संचालन की प्रशंसा की। वहीं समिति द्वारा अतिरिक्त भूमि आवंटन के अनुरोध पर कलेक्टर ने प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर कई लोगों की मौजूदगी रही।