Sagar- बकाया नहीं चुकाया तो दुकानों पर लगे ताले, सागर स्मार्ट सिटी की बड़ी कार्रवाई
सागर स्मार्ट सिटी ने बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रापार्क चौपाटी की कई दुकानों पर तालाबंदी कर दी है। निगमायुक्त, कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी राजकुमार खत्री के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत राजस्व मॉडल पर संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने अधिकारियों को सभी रिवेन्यू प्रोजेक्ट्स से शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में चंद्रापार्क चौपाटी परियोजना के बकायेदार दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
बताया गया कि वर्ष 2022-23 में चंद्रापार्क चौपाटी की 14 दुकानों का आवंटन किया गया था। प्रत्येक दुकान की निर्धारित राशि लगभग 14 लाख रुपये थी, जिसे अनुबंध की शर्तों के अनुसार जमा किया जाना था। हालांकि कई दुकानदारों ने समय पर पूरी राशि जमा नहीं की और अतिरिक्त समय मांगा। इसके बाद भी कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कुछ दुकानदारों ने केवल आंशिक भुगतान किया, जबकि कुछ ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की।
गुरुवार को चंद्रापार्क चौपाटी प्रोजेक्ट इंचार्ज प्रवेश राठौर नगर निगम के अतिक्रमण दल के साथ मौके पर पहुंचे और बकायेदार दुकानों पर ताले लगा दिए। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदारों को अंतिम अवसर देते हुए आगामी सोमवार तक शेष बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने साफ किया है कि यदि तय समय सीमा तक भुगतान नहीं किया गया, तो संबंधित दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है। स्मार्ट सिटी प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक परियोजनाओं के सुचारु संचालन और राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।