बंद कमरे में मृ त मिले निजी स्कूल के शिक्षक, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय के शिक्षक अपने किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे अनहोनी की आशंका के बीच पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान एमपी के उज्जैन जिले के महिदपुर के 59 वर्षीय संजय नाग के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के बोलनगीर जिले के डोडामुहुला गांव के निवासी थे। वे महिदपुर स्थित एमपीएस एकेडमी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और सुभाष पथ स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर किराए के फ्लैट में अकेले रहते थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मकान मालिक निखिल कोचर किराए के मकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज लगाने और मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर संजय नाग जमीन पर पेट के बल पड़े मिले। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि शिक्षक की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।