ATM लूट की साजिश नाकाम, हथियारों संग दबोचे गए बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस
पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम लूट की साजिश रच रहे बदमाशों के गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। देहात थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकालकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया। वहीं इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है। पुलिस अब इस गिरोह के दो फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, एमपी के छिंदवाड़ा जिले के देहात थाना अंतर्गत खजरी शराब भट्टी के पास कुछ संदिग्ध युवक एटीएम में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार, धारदार चाकू, लोहे की रॉड, हथौड़ी सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एटीएम को तोड़कर नकदी लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी वारदात हो सकती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और संपत्ति संबंधी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकाला, ताकि अपराधियों में कानून का डर कायम रहे और समाज में यह संदेश जाए कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना देहात पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके।