Sagar- मरीज को समय पर इलाज न मिलने और लापरवाही से जान जाने के आरोप, परिजनों का हंगामा !
सागर जिले के बीना में एक मरीज की जान चले जाने के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। बताया गया की मरीज को सीने में दर्द होने के बाद अस्पताल लाया गया था। लेकिन सही इलाज न मिलने से मरीज ने दम तोड़ा। हंगामे के बाद मौके पर नायब तहसीलदार हेमराज मेहर मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर मामला शांत कराया। ये पूरी घटना बीना के सिविल अस्पताल से सामने आई है।
कटरा मंदिर के पीछे प्रताप वार्ड निवासी बबलू कुशवाहा के भाई देवी कुशवाहा और तुलाराम से मिली जानकारी के मुताबिक उनके भाई को सीने में तेज दर्द होने पर परिजन उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया की अस्पताल पहुंचने पर पहले पर्चा बनवाया गया। इसके बाद डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया। लेकिन सीने का दर्द कम नहीं हुआ। मरीज को रात के समय घर ले गए। दर्द सहने के बाद जब उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया तो ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने ऑटो में ही देखकर कहा की मरीज की जान जा चुकी है।
कुछ देर बाद डॉक्टर ने पर्चा भी लिख दिया। उन्होंने कहा कि जब मरीज की जान चली गई थी तो डॉक्टर ने पर्चा क्यों लिखा। आरोप लगाया गया की समय पर सही इलाज न मिलने से भाई की जान गई है। घटना की सूचना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर और नायब तहसीलदार हेमराज मेहर मौके पर पहुंचे थे। जहां परिजनों को समझाइश दी गयी।------