सागर- ज्वेलर्स में काम करने वाले युवक ने ही की लाखों की चोरी, सोने-चांदी के गहने किये पार
जिस दुकान में एक युवक काम कर रहा था उसने उसी दुकान में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने कीमती जेवरों पर हाथ साफ़ कर दिया। घटना सागर जिले के बीना से सामने आई है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब कर्मचारी काम पर नहीं आया तो शंका होने पर ज्वेलर्स संचालक ने सामान की जांच की तब इसका राज खुला। बीना के महावीर चौक पर स्थित श्री जी ज्वेलर्स के संचालक ने थाने में कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ज्वेलर्स संचालक मनोज कुमार सराफ के मुताबिक उनकी दुकान पर विशाल रजक नाम का कर्मचारी करीब 5-6 साल से काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि खिमलासा थाना अंतर्गत माला सुनेटी निवासी विशाल दुकान पर काम करने के लिए नहीं आया। तो उसे कई बार कॉल किया। उसने कॉल रिसीव नहीं किया। जिससे मन में शंका हुई। जब दुकान के सामान की जांच की गयी तो पता चला कि दुकान में रखे एक बैग से सोने की 20.05 ग्राम की 20 कैरेट गोल्ड की चैन कीमत 3 लाख 60 हजार रुपए की गायब थी। साथ ही दो जोड़ी चांदी की बिछड़ी करीब 20 ग्राम कीमत 4 हजार रूपये, जब दुकान पर बैग नहीं मिला तो अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की तो पता चला कि बैग विशाल रजक ही रख रहा था। इसके बाद उसे कई बार फोन किया लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। फिर कर्मचारी के घर पर जाकर उसकी तलाश की तो वह नहीं मिला। पुलिस थाने पहुंचकर कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पीड़ित दुकानदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी संदेही विशाल रजक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।-