अवैध गिट्टी से भरा ट्रक जब्त, खनिज विभाग का बड़ा एक्शन! माफियाओं में मचा हड़कंप
अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खनिज माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से अवैध रूप से गिट्टी और रेत का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन शनिवार सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध वाहनों की आवाजाही में अचानक कमी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बकस्वाहा क्षेत्र में सहायक खनिज अधिकारी प्रभा शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान जुझारपुरा के पास संचालित एक क्रेशर से गिट्टी भरकर दमोह की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक एमपी-34 एच-0660 को रोककर जांच की गई। अधिकारियों ने चालक से गिट्टी परिवहन से संबंधित वैध ट्रांजिट पास यानी टीपी परमिट मांगा, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज नहीं मिलने पर खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिट्टी से भरे ट्रक को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बकस्वाहा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। विभिन्न माध्यमों से लगातार इस समस्या को उठाया जाता रहा, जिसके बाद अब विभाग की यह कार्रवाई सामने आई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह नियमित जांच और कार्रवाई जारी रही तो अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी प्रभा शर्मा के साथ मुनेंद्र सिंह, रामलखन सोनकिया, राममिलन पटेल और अरुण राजपूत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध परिवहन से जुड़े लोगों में बेचैनी का माहौल है। खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।