सागर- तीन मवेशियों की मौत से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा! हाईवे पर लगाया चक्का जाम, घंटों थमा यातायात
सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिहोरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन मवेशियों की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं। बाद में प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। जानकारी के अनुसार, बीती रात किसी अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे तीन मवेशियों को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पूर्व जनपद सदस्य जितेंद्र गुड्डू राय के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार राजकुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। पहली, अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जाए। दूसरी, क्षेत्र में खुले घूम रहे आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर तारबंदी के भीतर रखा जाए। और तीसरी, सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं।
चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर लंबी वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान जाम में फंसी एंबुलेंस और स्कूल बसों को पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकलवाया। मौके पर राहतगढ़ थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर, सिहोरा चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल और नायब तहसीलदार राजकुमार शुक्ला पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस प्रदर्शन में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।