मनमानी से परेशान किसानों ने मंडी गेट पर ताला जड़कर किया चक्काजाम, व्यापारियों पर आरोप !
कृषि उपज मंडी में मनमानी की जा रही है एक तरफ मंडी प्रबंधन तो दूसरी तरफ व्यापारियों पर कई तरह के आरोप लग रहे हैं। इसी को लेकर गुस्साए किसान सड़कों पर उतर आये और हाईवे जाम करते हुए चकाजाम कर दिया। साथ ही मंडी के गेट पर ताला भी जड़ दिया। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में प्रशासनिक अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंची समझाइश देकर जाम खुलवाया गया। मामला दमोह जिले का है।
दरअसल कृषि उपज मंडी में तुलाई प्रक्रिया बंद होने से नाराज किसानों ने दमोह–सागर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसानों में जमकर गुस्सा था जो नज़र भी आ रहा था। सूचना मिलने के बाद तहसीलदार रॉबिन जैन, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने समझाइश दी और समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया। जिसके बाद जाम जाम ख़त्म हुआ।
किसानों का आरोप है की हम्मालों और व्यापारियों की मनमानी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। बताया गया की पहले बनी सहमति के बावजूद तुलाई के बाद भी फसल निरस्त कर दी जाती है। इसी को लेकर हम्माल संघ अध्यक्ष रामेश्वर चौधरी और व्यापारी संघ अध्यक्ष नरेंद्र बजाज के बीच विवाद के बाद व्यापारियों ने तुलाई बंद कर दी। नाराज़ किसानों ने मंडी गेट पर ताला जड़ते हुए चेतावनी दी की जब तक उनकी उपज की तुलाई नहीं होगी। तब तक व्यापारियों का माल भी मंडी से बाहर नहीं जाने देंगे। मामले में तहसीलदार ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।------