सागर- सरईवन वाटरफॉल में दोस्तों के सामने डूबा 12वीं का छात्र, दो घंटे बाद मिला शव | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के सरईवन वाटरफॉल से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 17 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह पानी में समा गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसका शव बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसा सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरईवन वाटरफॉल का है। जानकारी के अनुसार, मुआरखास निवासी 17 वर्षीय ललित साहू अपने चार दोस्तों के साथ रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचा था। सभी दोस्त झरने के पानी में नहा रहे थे और मस्ती कर रहे थे।
इसी दौरान ललित का पैर एक फिसलन भरे पत्थर पर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह डूबने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की लगातार सर्चिंग के बाद ललित का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया गया है कि ललित साहू सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। बारिश के मौसम में वाटरफॉल और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। ऐसे स्थानों पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक पल की चूक पूरी जिंदगी छीन सकती है।