सागर- मूंग खरीदी केंद्र में रिश्वतखोरी का खेल! किसानों से प्रति क्विंटल 300 रु वसूली का VIDEO वायरल
सागर जिले के रहली विकासखंड से किसानों को परेशान करने वाला एक मामला सामने आया है। समर्थन मूल्य पर संचालित मूंग खरीदी केंद्र पर किसानों से कथित तौर पर प्रति क्विंटल 300 रुपए की अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो गुंजौरा स्थित मूंग खरीदी केंद्र का है। वीडियो में एक व्यक्ति डायरी और पेन लेकर किसानों से बातचीत करता नजर आ रहा है। वह कथित तौर पर मूंग की गुणवत्ता का हवाला देते हुए प्रति क्विंटल 300 रुपए की मांग करता दिखाई देता है।
वीडियो में किसान यह कहते भी सुनाई देते हैं कि उनकी मूंग ज्यादा खराब नहीं है, इसलिए राशि कम ली जाए। कुछ देर बातचीत के बाद प्रति क्विंटल 300 रुपए पर सहमति बनती दिखाई देती है। वीडियो में पांच क्विंटल मूंग लेकर आए एक किसान से 1500 रुपए लेते हुए भी कथित दृश्य नजर आते हैं। स्थानीय किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर उपज की गुणवत्ता खराब बताकर उनसे अवैध रूप से पैसे वसूले जाते हैं। किसानों का कहना है कि यदि कोई राशि देने से इनकार करता है, तो उसकी उपज में कमियां बताकर खरीदी में परेशानी खड़ी की जाती है। इससे समर्थन मूल्य पर खरीदी की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। रहली तहसीलदार राजेश पांडे ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया इसमें खरीदी केंद्र पर किसानों से पैसे मांगने जैसी बात सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी का कार्य जारी है, लेकिन वायरल वीडियो ने व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब किसानों की नजर प्रशासन की जांच पर है कि आखिर यह वसूली किसके इशारे पर हो रही थी और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।