सागर में युवक की बेरहमी से हत्या, झाड़ियों में मिला श व... सट्टे के 3 लाख के लेनदेन पर पुलिस का शक !
सागर शहर में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी है। नए बस स्टैंड के पास झाड़ियों में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से उसकी स्कूटी, शराब की खाली बोतलें और खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सट्टे के पैसों के लेनदेन को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजघाट रोड स्थित नए बस स्टैंड के पास की है। रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दस्तावेजों और स्कूटी के आधार पर मृतक की पहचान महेंद्र अहिरवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी किशोर न्यायालय क्षेत्र के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास शराब की खाली बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला। वहीं मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला और शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए, जिससे साफ है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई।
घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि हत्या के पीछे सट्टे के करीब तीन लाख रुपए के लेनदेन का विवाद हो सकता है। बताया जा रहा है कि मृतक सट्टे का काम करता था और हाल ही में बड़ी रकम को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह का कहना है कि फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सट्टे के लेनदेन की बात भी जांच के दायरे में है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है कि आखिर महेंद्र की हत्या किसने और क्यों की। क्या इसके पीछे वाकई सट्टे के लाखों रुपए का विवाद है या फिर कोई और वजह? इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।