वेन्यू कार में पकड़ी गई 39 पेटी अवैध शराब! पुलिस की दबिश, दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
अवैध शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वेन्यू कार से 39 पेटी अवैध शराब जब्त की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान वाहन में सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन और शराब जब्त कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया नगर के वार्ड क्रमांक-1 में भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं को एक संदिग्ध फोर व्हीलर वाहन दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसी बीच थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को भी मुखबिर से सूचना मिली कि किन्द्राहो से पथरिया की ओर काले रंग की वेन्यू कार में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रजवांस तिराहे के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोका गया, उसमें सवार ललित श्रीवास्तव और आकाश श्रीवास्तव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें से 39 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर थाने पहुंचाया और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई में भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं की सतर्कता भी अहम रही, जिनकी सूचना के बाद पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सकी। थाना प्रभारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।