सागर- बहुमूल्य पत्थर और आभूषण दबे होने अफवाह पर अवैध खुदाई रोकने पहुंची पुलिस पर हमला, 5 पर केस दर्ज
सागर जिले के देवरी क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के जंगल में अवैध खुदाई रोकने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस पर जमकर पथराव हुआ, लकड़ियों से मारपीट की गई और सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना सिंगपुर गंज क्षेत्र स्थित राजा बाबा के जंगल की है। यहां अफवाह फैल गई थी कि जंगल में बहुमूल्य पत्थर और आभूषण दबे हुए हैं। इस अफवाह के बाद बड़ी संख्या में लोग जंगल में पहुंच गए और जगह-जगह गड्ढे खोदकर खुदाई शुरू कर दी। इससे रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के संरक्षित वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचने लगा। वन विभाग ने लोगों को कई बार समझाने और रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसके बाद एसडीओपी के निर्देश पर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, जंगल में करीब 1500 लोग खुदाई करते मिले। पुलिस को देखते ही कई लोग बाइक और पैदल जंगल से बाहर निकलने लगे।
इसी दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया। पुलिस का आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने अन्य लोगों को उकसाया और देखते ही देखते पुलिस टीम पर हमला कर दिया। झाड़ियों से निकलकर कुछ लोगों ने पुलिस पर लकड़ियों और पत्थरों से हमला बोल दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक राजा सिंह दांगी के सिर में लकड़ी लगने से चोट आई। वहीं पथराव में पुलिस के सरकारी वाहन के आगे और पीछे के कांच भी टूट गए।
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि इस मामले में शब्बीर ग्वालिया, कल्लू ग्वालिया, गुड्डू ग्वालिया, डब्बू ग्वालिया और अन्नू ग्वालिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। साथ ही जंगल में दोबारा अवैध खुदाई न हो, इसके लिए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त निगरानी भी बढ़ा दी गई है।