जमीन विवाद में टूटा युवक का हौसला! थाने में खाया जहर, इलाज के दौरान मौत, पुलिस पर गंभीर आरोप
एक बेहद दुखद और सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जमीन विवाद से परेशान एक 35 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर थाने में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस उनकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई करती, तो शायद युवक की जान बच सकती थी। अब इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामला एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के लहेरा पूरवा गांव का है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजकुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजकुमार का अपने बड़े भाई जालम कुशवाहा से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि शनिवार को वह अपनी शिकायत दर्ज कराने नौगांव थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि इसी से आहत होकर उसने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे नौगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पहले जिला अस्पताल छतरपुर और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में परिजनों को समझाइश दी गई। मृतक के पिता दुर्जन कुशवाहा ने परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठाने की बात कही, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव गांव ले जाया गया।
परिजनों ने मांग की है कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते शिकायत पर ध्यान दिया होता तो यह घटना नहीं होती। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद इस मामले में क्या सच्चाई सामने आती है और क्या जिम्मेदारी तय की जाती है।