घर से गुटखा लेने निकला था युवक, देर रात नहीं लौटा वापिस, जादू-टोना के शक में हुआ म र्डर
एक युवक मोबाइल पर बात करते हुए घर से गुटखा लेने निकला था जो देर रात तक वापिस ही नहीं लौटा। इसके बाद अगले दिन उसकी डेड बॉडी खून से लथपथ पड़ी हुई मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस जांच में सामने आया की जादू टोना के शक में युवक का मर्डर किया है। जिसके दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना एमपी के मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ब्लाइंड मर्डर कांड का खुलासा किया। जांच में सामने आया की मर्डर के पीछे कोई पुरानी रंजिश नहीं थी बल्कि जादू-टोना करने का संदेह था। इसी अंधविश्वास ने एक युवक की जान ले ली।
बताया गया की घटना बीते 31 जुलाई की है। जहां खर्रीडीहापार निवासी इन्द्र मरावी का मर्डर हुआ था। सूचना मिलने के बाद मोहगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की थी।
घटनास्थल से मिले ज़रूरी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही प्रमोद मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जहां उसने कबूल किया की उसे इन्द्र मरावी पर जादू-टोना करने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार कर उसका मर्डर किया था। जिसके बाद आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी अपने साथी डालचंद परते के घर रख दी थी। डालचंद ने सबूत छिपाने की नीयत से कुल्हाड़ी को गांव के तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की है।