पुलिस ने घेर ली अवैध पत्थर की मंडी, ट्रेक्टर-ट्रॉली पलटाकर भाग खड़े हुए माफिया, तीन आरोपी गिरफ्तार !
कलेक्ट्रेट के सामने और भाजपा कार्यालय के पास संचालित होने वाली अवैध पत्थर मंडी पर पुलिस ने बड़ी कार्यवाई को अंजाम दिया। टीमों ने संयुक्त रूप से अवैध मंडी की घेराबंदी कर ली। जिससे घबराये हुए माफिया भाग खड़े हुए लेकिन पत्थरों से भरी हुई ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को सड़क पर ही पलटा दिया। इस दौरान पुलिस ने पांच ट्रेक्टर-ट्रॉली जब्त की वहीं तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। मामला एमपी के मुरैना जिले का है। जहां अवैध पत्थर कारोबार पर पुलिस ने कार्यवाई की। कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त दबिश देकर करीब 100 पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी की। जिसे देखकर पत्थर माफियाओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से फरार हो गईं। वहीं कुछ ने पुलिस कार्रवाई से बचने पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटा दी थी।
बताया गया की कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस ने पुलिस लाइन के बल के साथ कलेक्ट्रेट के सामने जिला पंचायत रोड पर स्थित भाजपा कार्यालय के पास लगने वाली अवैध पत्थर मंडी पर संयुक्त कार्रवाई की। जिससे पत्थर माफियाओं में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकले। लेकिन दो आरोपी अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटाकर फरार हो गए। जिससे पुलिस उन्हें आसानी से जब्त न कर सके। पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीधा कराया और पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं। बताया गया की पुलिस ने नूराबाद थाना क्षेत्र के लोहगढ़ निवासी बृजमोहन गुर्जर, ऊदल सिंह गुर्जर और दौरावली निवासी वीरसिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। जब्त किए गए पांच ट्रैक्टरों में तीन बिना नंबर के पाए गए। तो दो पर पंजीयन नंबर दर्ज थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों और अवैध पत्थर कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।--