Sagar -स्कूल में शिक्षकों की लव स्टोरी पढ़ाने से ज्यादा हो रही रोमांस की चर्चा, हटाने की मांग
एक-दूसरे को खाना खिलाना, गर्मी लगने पर पंखा झलना, घंटों बैठकर गप्पें मारना और साथ में घूमने निकल जाना... सुनने में यह किसी प्रेमी जोड़े की कहानी लगती है, लेकिन मामला किसी कपल का नहीं, बल्कि सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षकों का है। इन कथित हरकतों के वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए संबंधित शिक्षकों को तत्काल स्कूल से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल में तालाबंदी कर दी जाएगी।
पूरा मामला सागर जिले के राहतगढ़ ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल सेवारा-सेवारी का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में पदस्थ शिक्षक देवेंद्र सिंह ठाकुर, चतुर सिंह और दो महिला शिक्षकों के व्यवहार को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। अब कुछ वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है। उनका आरोप है कि इन शिक्षकों का ध्यान पढ़ाई से ज्यादा आपसी मेलजोल में रहता है, जिससे स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि शिक्षकों के बीच आपसी विवाद और गुटबाजी का असर सीधे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उनका दावा है कि इसी कारण इस वर्ष कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम बेहद खराब रहा और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं असफल हुए। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे घर लौटकर बताते हैं कि स्कूल में पढ़ाई कम और शिक्षकों की "लव स्टोरी" ज्यादा चलती है। ऐसे माहौल का बच्चों के भविष्य और मानसिकता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो में कथित तौर पर शिक्षक देवेंद्र सिंह ठाकुर एक महिला शिक्षक को हवा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक अन्य वीडियो में महिला शिक्षक उनके साथ चार पहिया वाहन में जाती नजर आ रही हैं। वहीं, एक वीडियो में महिला शिक्षक देवेंद्र सिंह के हाथ धुलाती हुई दिखाई देती हैं। इसके अलावा कुछ वीडियो में शिक्षक और शिक्षिका आपस में बातचीत करते और साथ समय बिताते हुए नजर आ रहे हैं।
इन वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वही इस मामले में शिक्षक देवेंद्र सिंह से उनका पक्ष जानने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया