Sagar- शिकायत के बाद मूंग खरीदी केंद्रों पर पहुंची टीमें, ह ड़कंप की बनी स्थिति, SDM ने खुद सुनी समस्याएं !
सागर जिले के देवरी में मूंग ख़रीदी केंद्रों पर स्टॉक, गुणवत्ता और अवैध वसूली जैसी शिकायतों के बाद जब प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तो हड़कंप मच गया। इस दौरान टीम ने बारीकी से जांच पड़ताल की वहीं पंचनामा भी तैयार किया गया। एसडीएम ने किसानों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत भी की। साथ ही निराकरण के निर्देश दिए। दरअसल देवरी में समर्थन मूल्य पर संचालित मूंग खरीदी केन्द्रों का राजस्व विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जिसकी सूचना मिलते ही खरीदी केन्द्रों पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
टीम सबसे पहले नमो नारायण वेयरहाउस पहुंची। जहां सेवा सहकारी समिति देवरी द्वारा संचालित खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। टीम ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन, खरीदी जा रही मूंग की गुणवत्ता, तौल व्यवस्था और किसानों से कथित रूप से की जा रही अवैध वसूली की शिकायतों की जांच की। जिसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर ज़रूरी कार्रवाई की। वहीं इसके बाद टीम सेमराखेड़ी स्थित कामतानाथ वेयरहाउस पहुंची। जहां मढ़पिपरिया खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां भी मूंग की गुणवत्ता, खरीदी प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के बाद टीम ने पंचनामा कार्रवाई की।
इस दौरान एसडीएम मुनव्वर खान ने खरीदी केन्द्र संचालकों को सख्त निर्देश दिए की किसानों से किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग या उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा की अगर कोई केन्द्र संचालक राशि की मांग करता है या किसी प्रकार की अनियमितता की जाती है तो इस बात की शिकायत तत्काल एसडीएम कार्यालय या कृषि विभाग में करें। शिकायत के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।