Sagar- बस सफर हुआ महंगा, परिवहन विभाग ने किराया बढ़ोतरी को दी मंजूरी, जाने नई दरें | SAGAR TV NEWS |
सागर सहित मध्य प्रदेश के लोगो पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। परिवहन विभाग ने बसों का किराया 75 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया है। इस फैसले के बाद यात्रियों से दो रुपए प्रति किलोमीटर किराया वसूला जाएगा।
अगर कोई यात्री 100 किलोमीटर का सफर करता है तो मौजूदा दर के हिसाब से उसे 125 रुपए किराया देना पड़ता है। 75 रुपए की बढ़ोतरी होने के बाद अब यात्री को 200 रुपए देने होंगे। सरकार ने बढ़े हुए किराए का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। ये फैसला मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के 7 अगस्त से हड़ताल पर जाने की चेतावनी के बाद लिया गया है
सोमवार को मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और विभागीय अफसरों के साथ बैठक हुई थी। इसमें राज्य सरकार ने किराया बढ़ाने के संकेत दिए थे। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहमति भी बताई गई थी।
मध्यप्रदेश सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य में बसों के लिए नया अधिकतम यात्री किराया निर्धारित कर दिया है। नए नियमों के तहत अब सामान्य बसों का मूल किराया ₹2.00 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर होगा, जिसमें न्यूनतम किराया ₹10.00 तय किया गया है। विभिन्न श्रेणियों के अनुसार किराये में अधिकतम बढ़ोत्तरी इस प्रकार होगी: ▪️रात्रि बस सेवा: सामान्य किराये से 10% अधिक। ▪️डीलक्स बस (नॉन ए.सी.): 25% अधिक। ▪️स्लीपर बस: 40% अधिक ▪️डीलक्स बस (ए.सी.): 50% अधिक। ▪️सुपर लग्जरी कोच (ए.सी.): 75% अधिक।
▪️विशेष निर्देश के तहत डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर कोई अतिरिक्त नाइट चार्ज नहीं लगेगा। इसके अलावा एक्सप्रेस बस सेवाओं के लिए भी यात्रियों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं वसूला जाएगा।
नई अधिकतम किराया दरों का सीधा असर लंबी दूरी की बस यात्राओं पर ज्यादा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर एसी डीलक्स, स्लीपर और सुपर लग्जरी कोच से यात्रा करने वाले यात्रियों को साधारण बस की तुलना में अधिक किराया देना होगा