शादी के बाद प्रेमिका से होती थी बात, नाराज़ परिजनों ने प्रेमी को इतना पीटा की युवक की उखड़ गई सांसें
प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसने दम ही तोड़ दिया। घटना के बाद से तनाव का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि जिस युवक का मर्डर किया गया, उसकी प्रेमिका की करीब डेढ़ महीने पहले ही यूपी में शादी हुई थी, लेकिन दोनों में बातचीत जारी थी। इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया। वारदात छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के घटरा गांव से सामने आई है। पहले पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था। अब मर्डर की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
मृतक की पहचान 40 साल के अरविंद कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया गया कि अरविंद का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले उसकी शादी उत्तर प्रदेश में हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। इसी बात को लेकर युवती के ससुराल और परिजनों में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी बात ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि अरविंद कुशवाहा के साथ जमकर मारपीट की गई।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना के बाद गौरिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पहले मारपीट का मामला दर्ज किया गया था, अब मर्डर की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की है। मृतक के परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी रूपनारायण पटेरिया का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।