नेक मांगने पर असली किन्नरों का नकली किन्नरों पर माथा ठनका, फिर जमकर चले लाठी-डंडे,वीडियो भी वायरल
कुछ किन्नर नेक मांगने एक मोहल्ले में पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने देखा कि वहां पहले से ही कुछ अन्य किन्नर मौजूद हैं। बस, इसी बात को लेकर कथित असली किन्नर गुट ने दूसरे गुट पर धावा बोल दिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई करते हुए उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। गाली-गलौज होती रही। सामने आया घटना का वीडियो उज्जैन जिले के महिदपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां असली और नकली किन्नरों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि खुरचेनिया प्रताप गांव में सावन महीने के दौरान नेक मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि एक गुट ने दूसरे गुट के तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर बुरी तरह पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार को एक किन्नर गुट गांव में घर-घर जाकर सावन के मौके पर नेक और बधाई मांग रहा था। तभी दूसरे गुट के सदस्य वहां पहुंचे और पहले से मौजूद गुट पर फर्जी किन्नर बनकर क्षेत्र में नेक मांगने का आरोप लगाया। यहीं से बात बिगड़ी और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चलाए गए। पास ही मौजूद एक ग्रामीण ने पिटाई का वीडियो बना लिया, जो बुधवार को तेजी से वायरल हुआ।
घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पंचायत बैठाई, जहां भविष्य में गांव में किसी भी किन्नर गुट के प्रवेश तथा मांगलिक कार्यक्रमों और अन्य अवसरों पर नेक मांगने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। किन्नरों के गांव में आने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा, लोगों ने पुलिस में भी शिकायत करते हुए वीडियो सौंपा है, जिस पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की है।