हाईवे पर भीषण हादसा! संगमरमर से लदा ट्रक पलटा, क्लीनर की मौत, चालक गंभीर
मध्यप्रदेश के रीवा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में संगमरमर से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के नीचे दबने से क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:45 बजे ट्रक क्रमांक UP 62 AT 9474 रीवा से प्रयागराज की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना और टायर फटना बताई जा रही है।
ट्रक में भारी मात्रा में संगमरमर लदा था। वाहन पलटते ही चालक और क्लीनर उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक क्लीनर प्रदीप चर्मकार, निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश), की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक राजन सरोज को तत्काल त्यौंथर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल और टायर फटने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। हादसे के कारण रीवा-प्रयागराज हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक को हटवाकर मार्ग को फिर से सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।