Instagram पर कट्टे का प्रदर्शन ! फायरिंग और बाइक स्टंट के VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी
सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन और खतरनाक बाइक स्टंट एक बार फिर चर्चा में है। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक कथित तौर पर कट्टा लहराते हुए धमकी भरी बातें करता दिखाई दे रहा है। इसी अकाउंट पर कथित फायरिंग और बाइक स्टंट के वीडियो भी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश के रीवा में वायरल वीडियो में एक युवक यह कहते हुए दिखाई देता है कि, "बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में।" इसके बाद उसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित तौर पर 8 राउंड फायरिंग का वीडियो भी अपलोड किया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वीडियो में दिख रहा युवक राज उर्फ रॉक, निवासी करहिया बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल वीडियो की सत्यता, युवक की पहचान और हथियार की वैधता की जांच की जा रही है। इतना ही नहीं, इसी अकाउंट पर सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट के कई वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में युवक चलती बाइक पर खड़े होकर स्टंट करता दिखाई देता है, जबकि सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे हैं। ऐसे स्टंट न केवल उसकी जान बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और इस तरह के वीडियो युवाओं में गलत संदेश देते हैं। रीवा पुलिस अधीक्षक पहले ही सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है। यदि जांच में वीडियो वास्तविक पाए जाते हैं, तो संबंधित युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम और अन्य लागू कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।