Sagar-राजा बाबा जंगल में पुलिस पर पथराव मामले में बड़ा एक्शन! दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के राजा बाबा जंगल में पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
यह पूरा मामला रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सिंगपुर गंजन स्थित प्रसिद्ध सिद्ध क्षेत्र राजा बाबा जंगल का है। कुछ दिनों पहले अफवाह फैली थी कि जंगल में बहुमूल्य पत्थर और आभूषण दबे हुए हैं। इस अफवाह के बाद गांव-गांव से सैकड़ों लोग गेती, फावड़े और अन्य औजार लेकर जंगल में खुदाई करने पहुंच गए थे।
जब वन विभाग और पुलिस ने लोगों को जंगल से हटाने और अवैध खुदाई रोकने की कोशिश की, तो स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। हमले में प्रधान आरक्षक राजा सिंह दांगी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और जंगल क्षेत्र में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। लगातार की जा रही जांच और दबिश के दौरान देवरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने पथराव की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
देवरी थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों पर हमला और संरक्षित वन क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, पूरे इलाके में पुलिस और वन विभाग की निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।